बीरभूम – उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में 9 करोड़ रुपये के नकली नोटों की बरामदगी के मामले में पुलिस ने बीरभूम जिले के रामपुरहाट से एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान तिस्ता सेन के रूप में हुई है, जो राजराहाट की रहने वाली है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तिस्ता सेन व्यापारियों को बड़ी रकम का कर्ज दिलाने का लालच देती थी। इसके बदले वह नगद में मोटी प्रोसेसिंग फीस लेती थी। इसके बाद, वह धोखाधड़ी के एक अनोखे तरीके का इस्तेमाल करती थी, जिसमें वह कर्ज की रकम में नकली नोट मिलाकर व्यापारियों को ठगती थी। इसी तरह, आसनसोल के एक व्यापारी के साथ 22 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। पुलिस को यह भी शिकायत मिली है कि वह जमीन और फ्लैट बेचने के नाम पर भी धोखाधड़ी करती थी।यह महिला पहले भी कोलकाता पुलिस द्वारा साइबर अपराध के मामले में गिरफ्तार की जा चुकी है। जमानत पर रिहा होने के बाद, वह एक बार फिर से धोखाधड़ी के धंधे में शामिल हो गई। इस गिरफ्तारी के साथ, संदेशखाली नकली नोट कांड में अब तक कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

0 Comments