बीरभूम :- बीरभूम जिले के बोलपुर थाना क्षेत्र की सिंगी पंचायत के लाउदा गांव में एक महीने पहले उस समय हड़कंप मच गया था, जब अजय नदी के बालू के टीले पर ग्रामीणों ने एक विशालकाय बम जैसी वस्तु देखी थी। खबर फैलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पुष्टि की कि यह द्वितीय विश्व युद्ध के समय का एक बम है। एक महीने तक बोलपुर थाना पुलिस ने इस विशाल बम को घेर कर रखा था और भारतीय सेना को सूचित किया गया था। अंततः पुलिस और सेना ने नियंत्रित विस्फोट के माध्यम से इस बम को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया।

बम को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया के दौरान, एक जोरदार धमाके से पूरा इलाका थर्रा उठा और चारों ओर काला धुआँ छा गया, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने शिकायत की है कि विस्फोट स्थल पर एक तालाब जैसा बड़ा गड्ढा बन गया है और पास की कृषि भूमि को भी थोड़ा-बहुत नुकसान हुआ है। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, बरामद किया गया विशाल बम प्रारंभिक तौर पर द्वितीय विश्व युद्ध के समय का माना जा रहा है।