दुर्गापुर :- दुर्गापुर में प्यार का झांसा देकर एक ट्रांसजेंडर (बृहन्नला) युवती से लाखों रुपये की धोखाधड़ी की गई। पश्चिम वर्धमान के दुर्गापुर निवासी रजत दास और हावड़ा की ट्रांसजेंडर युवती के बीच इस कहानी की शुरुआत साल 2017 में सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि रजत शुरू से ही उनकी पहचान से वाकिफ था, इसके बावजूद उसने विवाह और प्रेम का झूठा आश्वासन देकर उन्हें अपने विश्वास में लिया।
धीरे-धीरे इस रिश्ते की आड़ में आर्थिक शोषण का खेल शुरू हुआ। ट्रांसजेंडर युवती का दावा है कि रजत ने व्यवसाय करने और विभिन्न पारिवारिक समस्याओं का बहाना बनाकर समय-समय पर उनसे लगभग 15 लाख रुपये ऐंठ लिए। लंबे समय तक सुनहरे भविष्य का सपना देख रही पीड़िता को धोखाधड़ी का अहसास तब हुआ, जब साल 2022 में उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे। पैसे मांगते ही रजत ने न केवल उनसे दूरी बना ली, बल्कि रिश्ते को भी खत्म कर दिया।
हताश होकर पीड़िता ने अंततः न्याय के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत कोक ओवन थाने का दरवाजा खटखटाया। प्रियंका की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रजत दास को गिरफ्तार कर लिया। यह मामला समाज के उस वर्ग की संवेदनशीलता पर भी सवाल उठाता है, जो अक्सर प्यार और सम्मान की तलाश में अपनी जमा-पूंजी तक गंवा बैठते हैं। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया, जहाँ पुलिस उसे हिरासत में लेकर आगे की जांच और पैसों की बरामदगी की कोशिश करेगी।


0 Comments