दुर्गापुर :- शहर के ट्रंक रोड स्थित मोटर पार्ट्स की दुकानों में अवैध साइलेंसर पाइप की बिक्री की शिकायतों के बाद पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार को दुर्गापुर ट्रैफिक और सब-ट्रैफिक विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से इन दुकानों पर अचानक छापेमारी की। लंबे समय से पुलिस को सूचना मिल रही थी कि यहाँ नियमों का उल्लंघन कर प्रतिबंधित और शोर मचाने वाले साइलेंसर बेचे जा रहे हैं, जो प्रदूषण और ध्वनि संबंधी मानकों के विरुद्ध हैं।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानों के साथ-साथ उनके गोदामों की भी गहन तलाशी ली। हालांकि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य दुकानदारों को सख्त चेतावनी देना था, ताकि वे भविष्य में किसी भी अवैध सामग्री का भंडारण न करें। पुलिस ने दुकान मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि दोबारा अवैध साइलेंसर पाइप की बिक्री पाई गई, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। इस अचानक हुई कार्रवाई से ट्रंक रोड के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।



0 Comments