कुल्टी :- पश्चिम बंगाल और झारखंड की सीमा पर स्थित डुबुरडीही चेकपोस्ट से फिर लाखों रुपये की बेहिसाब नगदी जब्त की गई हैं। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चल रहे सघन नाका तलाशी अभियान के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने एक कार से 4 लाख 64 हजार 300 रुपये की नकद राशि बरामद की है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर उस समय हुई जब झारखंड की ओर से आ रही एक चार पहिया गाड़ी को जांच के लिए रोका गया।

तलाशी के दौरान वाहन के भीतर से भारी मात्रा में नकदी मिली। मौके पर मौजूद एसएसटी मजिस्ट्रेट, आबकारी विभाग की टीम, केंद्रीय सुरक्षा बल और चौरंगी फाड़ी की पुलिस ने जब कार सवार व्यक्ति से इस धन के संबंध में पूछताछ की, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज या सबूत पेश करने में विफल रहा। संतोषजनक जवाब न मिलने और चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से पूरी राशि को जब्त कर लिया।


गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए अंतर्राज्यीय सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। जिला प्रशासन और चुनाव आयोग निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। अधिकारियों का कहना है कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण बड़ी मात्रा में नकदी के परिवहन पर कड़ी नजर रखी जा रही है और बिना उचित दस्तावेजों के धन ले जाने वालों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।