कोलकाता :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोलकाता में एक अभूतपूर्व बैठक आयोजित की गई। इस उच्च स्तरीय बैठक में देश के प्रमुख अर्धसैनिक बलों—CRPF, BSF, CISF, ITBP और SSB के महानिदेशकों (DG) ने शिरकत की। विशेषज्ञों के अनुसार, चुनाव तैयारियों को लेकर सभी बलों के शीर्ष प्रमुखों की ऐसी संयुक्त बैठक हाल के इतिहास में पहली बार देखी गई है। बैठक के बाद साल्टलेक स्थित CRPF कार्यालय में आयोजित 'संयुक्त नेतृत्व शिखर सम्मेलन' में राज्य पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और चुनाव आयोग के पर्यवेक्षक भी शामिल हुए। 


मुख्य चर्चा 23 अप्रैल को होने वाले पहले चरण के मतदान के लिए तकनीक-आधारित सुरक्षा ढांचा तैयार करने पर रही। प्रथम चरण की 152 सीटों के लिए कुल 2,407 कंपनी केंद्रीय बलों की तैनाती की रणनीति को अंतिम रूप दिया गया। CISF द्वारा जारी बयान के अनुसार, सभी बल एक 'एकीकृत चुनाव बल' के रूप में कार्य करेंगे। CISF के महानिदेशक प्रबीर रंजन ने जवानों को 'लोकतंत्र का प्रहरी' बताते हुए निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। QRT की सक्रियता और आधुनिक उपकरणों के जरिए मतदान केंद्रों की निगरानी पर विशेष जोर दिया गया है।