बैरकपुर :- पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पूर्व प्रचार के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाटपाड़ा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि बंगाल भ्रमण के दौरान उन्हें जनता का जो स्नेह मिला है, उससे साफ है कि 4 मई के बाद भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में उन्हें दोबारा यहां आना होगा। उन्होंने बंगाल की जनता के साथ अपने आत्मीय जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि यहाँ के लोगों के बीच उन्हें असीम शांति मिलती है। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने इस राज्य को महिलाओं के लिए असुरक्षित बना दिया है। उन्होंने रानी रासमणि की वीरता का स्मरण कराते हुए बंगाल की नारीशक्ति से गुंडागर्दी के खिलाफ निडर होकर मतदान करने की अपील की। 

प्रधानमंत्री ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों का उल्लेख करते हुए शरणार्थी समस्या के समाधान और बंगाल की समृद्धि का संकल्प दोहराया। विकास का रोडमैप साझा करते हुए उन्होंने कोलकाता मेट्रो के विस्तार, इलेक्ट्रिक बसों के नेटवर्क और 'पीएम स्वनिधि' योजना के माध्यम से छोटे व्यापारियों को बैंकिंग सहायता देने की 'मोदी की गारंटी' दी। उन्होंने मतदाताओं से राज्य में 'डबल इंजन' की सरकार बनाने का आह्वान किया ताकि बंगाल का कायाकल्प हो सके।