रानीगंज:  बुधवार को सीबीएसई अर्थात सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेण्डरी एजुकेशन के 12 वीं परीक्षा परिणाम ऑनलाइन प्रकाशित हुआ। ऑनलाइन में ही अपना परीक्षा परिणाम संतोषजनक नहीं होने के कारण 12 वीं के छात्र अनिष गोस्वामी ने आत्महत्या कर ली। यह घटना रानीगंज थानांतर्गत बल्लभपुर पुलिस फांड़ी के बल्लभपुर इलाके में घटी है। बल्लभपुर के रहने वाले अनिष गोस्वामी रानीगंज डीएवी स्कूल का छात्र था। साइंस लेकर 12 वीं की परीक्षा दी थी। कमिस्ट्री को छोड़कर अन्य सभी विषयों में संतोषजनक अंक प्राप्त हुआ किन्तु कमिस्ट्री में कंपार्टमेंट अर्थात फेल होने से उसे काफी सदमा लगा। इस सदमे में उसने अपने निवास स्थान पर ही गले में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बल्लभपुर पुलिस फांड़ी के प्रभारी पार्थ चक्रवर्ती ने बताया कि बुधवार की रात ऐसी घटना बल्लभपुर में घटी है। कानूनी कार्यवायी करते हुए छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। बताया जाता है कि डीएवी स्कूल में इसबार साइंस विषय में अधिकतर छात्रों को अपने आशानुरुप नंबर प्राप्त नहीं हो सके। रानीगंज डीएवी स्कूल के छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से शोक की लहर दौड़ पड़ी है। कई अभिभावकों का कहना है कि हमे छात्रों के मनोबल को हमेशा स्ट्रांग बनाना चाहिए और इस बात की शिक्षा बड़ी गंभीरता से देनी चाहिए कि एक परीक्षा में असफल होने का मतलब यह नहीं है कि आगे की सारी लड़ाईयां के आप सक्षम नहीं है। हम एकबार असफल होने के बाद कड़ी मेहनत और लगन से पुनः सफलता की ओर बढ़ने का प्रयास करना चाहिए न कि यूं अपने इस अनमोल जीवन को समाप्त कर देना चाहिए।