कोलकाता :- हावड़ा और सांकराइल के बाद अब दक्षिण 24 परगना के महेशतल्ला अंतर्गत रायपुर इलाके में एक अभूतपूर्व घटना सामने आई है। इलाके में तोड़फोड़, जबरन वसूली और हिंसा फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए दो TMC नेताओं को पुलिस ने कमर में रस्सी बांधकर पूरे रायपुर इलाके में घुमाया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख बाप्पा और जहांगीर हाजी के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इन दोनों TMC नेताओं के खिलाफ आम लोगों की जमीनों पर जबरन कब्जा करने, चुनाव के बाद हिंसा भड़काने, अवैध हथियार रखने (आर्म्स एक्ट) और हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) समेत कई गंभीर और गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 28 तारीख तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया था।
इसी आदेश के तहत आज महेशतल्ला थाने की पुलिस और भारी संख्या में केंद्रीय बलों (Central Forces) की मौजूदगी में दोनों आरोपियों को कमर में रस्सी बांधकर घटना स्थल और आसपास के रास्तों पर घुमाया गया। पुलिस कस्टडी में परेड कराए जा रहे दोनों TMC नेताओं को देखते ही स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने दोनों नेताओं को देखकर सड़क पर 'चोर-चोर' के नारे लगाने शुरू कर दिए, जिससे इलाके में भारी तनाव का माहौल देखा गया।



0 Comments