आसनसोल :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के दौरान सोमवार को आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र के बाहर भारी हिंसा और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सुबह से ही मतगणना केंद्र के बाहर भारी संख्या में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ता जुटे हुए थे, लेकिन जैसे ही शुरुआती राउंड के रुझान सामने आने लगे, दोनों पक्षों के बीच माहौल गरमा गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और उनके बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई। मौके से मिली तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह कार्यकर्ता एक-दूसरे पर टूट पड़े, जिससे वहां भगदड़ मच गई।
हिंसा के दौरान तृणमूल कांग्रेस के कैंप ऑफिस को निशाना बनाए जाने की खबर है। आरोप है कि आक्रोशित भीड़ ने टीएमसी के कैंप ऑफिस में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे वहां रखी कुर्सियां और अन्य सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हमले की तीव्रता को देखते हुए कैंप ऑफिस में मौजूद टीएमसी नेता और कार्यकर्ता जान बचाकर वहां से भाग निकले। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की भारी टुकड़ी ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया। फिलहाल इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात है और तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।




0 Comments