दुर्गापुर :- दुर्गापुर के कोकओवन थाना अंतर्गत सागरभांगा औद्योगिक क्षेत्र के पुकुर पाड़ इलाके में बुधवार को एक निजी कारखाने के सामने हुए जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। सुबह-सुबह अचानक हुए इस बेहद तेज धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और देखते ही देखते आसमान काले धुएं के गुबार से ढक गया। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी दहशत का माहौल है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने सागरभांगा कॉलोनी इलाके में सनसनी फैला दी है (हालांकि हम इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करते हैं)।

स्थानीय निवासियों का दावा है कि इस निजी कारखाने की भट्टी (ब्लास्ट फर्नेस) फटने के कारण यह भीषण हादसा हुआ है। क्षेत्र के लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इस कारखाने में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे उनके घरों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। बार-बार हो रहे इन हादसों से नाराज सगड़भांगा पुकुर पाड़ इलाके के बाशिंदों ने अब कारखाना प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और उनसे सुरक्षा के पुख्ता व उचित इंतजाम करने की सख्त मांग की है।