रानीगंज :- रानीगंज शहर के एनएसबी रोड स्थित एक फर्नीचर दुकान में शनिवार की देर रात अचानक आग लग गई। जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त दुकान पूरी तरह से बंद थी। बंद दुकान के भीतर से अचानक आग की तेज लपटें और धुएं का गुबार निकलता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासियों ने तुरंत इस अग्निकांड की सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल का एक इंजन आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंचा और दमकलकर्मियों ने लगभग 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
फर्नीचर दुकान के मैनेजर निर्मल दास ने घटना के संदर्भ में बताया कि वे रोज की तरह रात में दुकान बंद करके अपने घर चले गए थे। देर रात पड़ोस के ही एक दुकानदार ने उन्हें फोन पर दुकान में आग लगने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे रोज़ाना उसी पड़ोसी दुकानदार के पास अपनी फर्नीचर दुकान की चाबी रखकर जाते हैं। घटना के बाद दमकल कर्मियों ने उसी पड़ोसी से चाबी ली और दुकान का शटर खोलकर भीतर दाखिल हुए, जिसके बाद आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
मैनेजर ने आगे कहा कि फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। इस अग्निकांड में दुकान के भीतर रखे कीमती फर्नीचर को काफी नुकसान पहुंचा है और फिलहाल नुकसान के कुल आकलन की प्रक्रिया जारी है।



0 Comments