दुर्गापुर :- दुर्गापुर के 35 नंबर वार्ड अंतर्गत गोपालमाठ बस स्टैंड और गोपालमाठ बाजार इलाके में दुर्गापुर नगर निगम के सामुदायिक शौचालय को लेकर राजनीति गरमा गई है। आरोप है कि सरकारी धन से आम जनता के लिए बने इस शौचालय पर स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेताओं ने लंबे समय से कब्जा कर रखा था और इसमें हमेशा ताला लटका रहता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि टीएमसी नेता केवल अपने निजी कार्यक्रमों के लिए ही इसे खोलते थे, जिससे आम जनता और महिला यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इस बात को लेकर इलाके में लंबे समय से आक्रोश था।


इसी बीच, रविवार सुबह भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक सक्रियता दिखाते हुए इस सरकारी संपत्ति को कब्जा मुक्त कराने का फैसला किया। जिला भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष सुमन गोप के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हथौड़े से शौचालय का ताला तोड़ दिया। ताला तोड़ने के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में झाड़ू थामकर पूरे शौचालय की साफ-सफाई की और उसे आम जनता के इस्तेमाल के लिए खोल दिया। इसके साथ ही, पास में स्थित एक चिल्ड्रेन पार्क (शिशु उद्यान) भी लंबे समय से बंद पड़ा था, जिसे रविवार को बच्चों के लिए दोबारा खोल दिया गया। भाजपा नेता सुमन गोप ने कहा कि बार-बार मांग करने के बावजूद टीएमसी नेता इसे अपनी निजी संपत्ति समझकर बंद रखते थे, इसलिए जनहित में यह कदम उठाना पड़ा।