Durgapur के सेन मार्केट में उपद्रवियों का तांडव, व्यापारियों से मारपीट और सड़कों पर फेंकी सब्जियां, लाठीचार्ज

दूर्गापुर (राम बाबू यादव) :- दुर्गापुर के सेन मार्केट में उपद्रवियों द्वारा जमकर उत्पाद मचाने और व्यापारियों के साथ मारपीट करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में उपद्रवियों ने सड़क पर दुकानदारों की सब्जियां फेंक दीं और बाजार में भारी तोड़फोड़ की। इस हमले का सीधा आरोप 'तत्काल' भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगा है। घटना की जानकारी मिलते ही कोकओवन थाने की पुलिस भारी संख्या में बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की सुरक्षा वाहिनी (केंद्रीय बल) के जवानों को भी तैनात करना पड़ा। इस पूरी घटना और इसके बाद पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


शिकायत के अनुसार, चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद से ही कुछ कथित भाजपा कार्यकर्ता सेन मार्केट की व्यापारी समिति के कार्यालय पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। व्यापारी समिति ने इसका कड़ा विरोध किया और सवाल उठाया कि एक गैर-राजनीतिक संगठन के दफ्तर पर इस तरह कब्जा क्यों किया जा रहा है। इसी विवाद के चलते रविवार सुबह चेहरे पर काला कपड़ा बांधे कई उपद्रवी अचानक सेन मार्केट में घुस आए और तांडव शुरू कर दिया। 


उन्होंने न केवल दुकानदारों का सामान सड़कों पर फेंक दिया, बल्कि सेन मार्केट व्यापारी समिति के महासचिव सागर साहा की बेरहमी से पिटाई भी कर दी। इस हमले से स्थानीय व्यापारी आक्रोशित हो उठे और पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया। माहौल बिगड़ता देख पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लाठीचार्ज करने का आरोप लगाया है। फिलहाल भारी सुरक्षा बल की मौजूदगी के बीच पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान करने और मामले की जांच में जुटी है।

दुर्गापुर पश्चिम के भाजपा विधायक लक्ष्मण घोड़ुई ने कहा कि इस तरह की घटना कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तृणमूल के कुछ लोग रातों-रात भाजपा में शामिल होकर अशांति फैला रहे हैं। मैंने पुलिस से इस मामले की जांच करने का अनुरोध किया है। पुलिस निश्चित रूप से जांच करेगी कि क्या हुआ था और उचित कार्रवाई करेगी। लेकिन मैं व्यापारी समिति से यह अपील करूँगा कि बाजार बंद न रहे।


Post a Comment

0 Comments