जामुड़िया :- जामुड़िया थाना क्षेत्र स्थित ईसीएल (ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) के कुनुस्तोड़िया एरिया की परासिया कोलियरी में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। सुबह की पहली पाली में करीब 10:30 बजे खदान के 27 नंबर सेक्शन में काम के दौरान अचानक जोरदार एयर ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद कोयले की छत भरभरा कर श्रमिकों पर गिर गई। इस हादसे में 1 श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनों अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के वक्त खदान के भीतर 100 से अधिक श्रमिक काम कर रहे थे।
हादसे के तुरंत बाद खदान के भीतर अफरा-तफरी मच गई और इमरजेंसी कॉल के जरिए प्रबंधन को सूचित किया गया। ईसीएल के उच्च अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू करवाया और घायल श्रमिकों को खदान से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें ईसीएल के बांसड़ा, काल्ला और अन्य नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हालांकि आधिकारिक तौर पर दुर्घटना के कारणों की पुष्टि होना अभी बाकी है, लेकिन प्राथमिक तौर पर इसे खदान के भीतर हवा के दबाव से होने वाला एयर ब्लास्ट बताया जा रहा है।
इस घटना को लेकर श्रमिक संगठनों ने ईसीएल प्रबंधन के खिलाफ कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। संगठनों का आरोप है कि प्रबंधन की सुरक्षा को लेकर बढ़ती लापरवाही और सुरक्षा तंत्र की उदासीनता के कारण ही इतने बड़े हादसे हो रहे हैं। वहीं, जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि घायलों को कोल इंडिया की ओर से हर संभव बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। विधायक ने कहा कि विधानसभा शपथ ग्रहण कार्यक्रम के कारण वह तुरंत मौके पर नहीं पहुंच सके, लेकिन लौटते ही प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी सहायता सुनिश्चित करेंगे।






0 Comments