कोलकाता :- महानगर के तारातला इलाके में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां बंदरगाह की जमीन पर बन रहे एक बहुमंजिला चाय गोदाम की छत अचानक भरभराकर गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक तीन मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। बुधवार को जब गोदाम की तीसरी मंजिल की छत ढालने (ढलाई) का काम चल रहा था, तभी अचानक पूरी इमारत का ढांचा ढह गया, जिससे वहां काम कर रहे दर्जनों मजदूर मलबे के नीचे दब गए। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कदम उठाए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, स्थानीय पुलिस, आपदा प्रबंधन विभाग (SDRF), NDRF और भारतीय सेना की टीमें मौके पर पहुंच गईं। युद्ध स्तर पर बचाव कार्य शुरू करते हुए आधुनिक गैस कटर और हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से मलबे को हटाने का काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी राज्य सचिवालय 'नबन्ना' से लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे थे, जिसके बाद शाम करीब पौने पांच बजे वे खुद दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद मंत्रियों, पुलिस अधिकारियों और बचाव दल से हालात की विस्तृत जानकारी ली। मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 21 लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा चुका है, जहां एसएसकेएम (SSKM) अस्पताल के डॉक्टर तत्परता से घायलों के इलाज में जुटे हैं। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि अभी भी लगभग 12 से 18 लोगों के मलबे के भीतर फंसे होने की आशंका है, जिन्हें बाहर निकालने के लिए सेना और अन्य एजेंसियां पूरी ताकत से जुटी हुई हैं। प्रशासन ने निर्माण कार्य की जिम्मेदारी संभाल रही एजेंसी और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




0 Comments