आसनसोल :- आसनसोल नगर निगम के 106 वार्डों में विकास कार्य करने वाले करीब 300 ठेकेदारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मेयर विधान उपाध्याय से मुलाकात कर पिछले पांच वर्षों से लंबित अपने बिलों के भुगतान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य तरित राय ने बताया कि सड़कों और नालियों जैसी कई परियोजनाओं का काम पूरा होने के बावजूद भुगतान न मिलने से ठेकेदार गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। इस पर मेयर ने आश्वासन दिया कि फंड उपलब्ध है, लेकिन मंत्रिमंडल गठन की प्रक्रिया के कारण देरी हुई। उन्होंने जल्द ही सभी बकाये के भुगतान का भरोसा दिया।
दूसरी ओर, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी के प्रवक्ता दुर्गेश नागी ने ठेकेदारों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही, उन्होंने नगर निगम के वर्तमान बोर्ड की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। दुर्गेश नागी ने आरोप लगाया कि पिछला बोर्ड 106 वार्डों के सुचारु संचालन में पूरी तरह विफल रहा है और कई पार्षद जनता का विश्वास खो चुके हैं, जिन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।


0 Comments