Asansol Municipal Corporation के TMC पार्षद संजय नोनिया ने दिया इस्तीफा, पार्टी भी छोड़ी

आसनसोल :- पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन होते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य में देखा जा रहा है कि एक के बाद एक TMC के जनप्रतिनिधि या तो अपना पद छोड़ रहे हैं या पार्टी, और कुछ दोनों से ही इस्तीफा दे रहे हैं। इसी क्रम में आज आसनसोल नगर निगम के 58 नंबर वार्ड के TMC पार्षद संजय नोनिया ने धेमोमैन इलाके में स्थित अपने पार्टी कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि कल उन्होंने 58 नंबर वार्ड के पार्षद पद से अपना इस्तीफा दे दिया है। 

संजय नोनिया ने बताया कि उन्होंने अपने इस्तीफे की कॉपी मेयर बिधान उपाध्याय, नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती, ब्लॉक प्रेसिडेंट कंचन राय और वह जिस बोरो के अंतर्गत आते हैं, वहां के चेयरमैन को सौंप दी है। अपने इस अचानक लिए गए फैसले की वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके पिता आजकल बहुत ज्यादा बीमार रहते हैं। पिता के इलाज और देखभाल के लिए उन्हें बार-बार बाहर जाना पड़ता है, जिसके कारण वह पार्षद के तौर पर अपने कर्तव्यों का ठीक से पालन नहीं कर पा रहे हैं और न ही जनता को पर्याप्त समय दे पा रहे हैं। इसी पारिवारिक जिम्मेदारी के चलते उन्होंने यह त्यागपत्र दिया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने न केवल पार्षद के पद से इस्तीफा दिया है, बल्कि वह TMC पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी त्यागपत्र दे चुके हैं।

Post a Comment

0 Comments