रानीगंज :- रानीगंज में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया, जिसमें हर आयु वर्ग के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रानीगंज के रोबिन सेन स्टेडियम में मॉर्निंग वॉकर योगा ग्रुप की ओर से एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ पतंजलि योगपीठ के अनुभवी प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को योग के विभिन्न आसन और प्राणायाम सिखाए। मॉर्निंग वॉकर योगा ग्रुप के सदस्य वैसे तो पूरे वर्ष रोबिन सेन स्टेडियम में नियमित रूप से योगाभ्यास करते हैं, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर इस बार उनमें एक अलग ही उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।


इसके साथ ही, रानीगंज थाना और नीमचा पुलिस फाड़ी में भी योग दिवस बेहद गरिमापूर्ण तरीके से मनाया गया। इस दौरान रानीगंज थाना के प्रभारी (आईसी) सुबीर कर्मकार और नीमचा पुलिस फाड़ी की प्रभारी नसरीन सुल्ताना की अगुवाई में भारी संख्या में पुलिस बल तथा सीपीवीएफ कर्मियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।