रानीगंज :- आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत रानीगंज थाना परिसर में नवनिर्मित 'महिला सहायता केंद्र' और स्पोर्ट्स जोन का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस खास मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार उपस्थित थे, जिन्होंने फीता काटकर इस केंद्र की शुरुआत की। कार्यक्रम में उनके साथ डीसी सेंट्रल ध्रुव दास और रानीगंज थाना के आईसी सुबीर कर्मकार भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उद्घाटन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने महिला सहायता केंद्र और स्पोर्ट्स जोन का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
इस नए महिला सहायता केंद्र के क्रियाशील होने से अब रानीगंज और आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं को अपनी शिकायत दर्ज कराने या किसी भी प्रकार की पुलिस सहायता प्राप्त करने में कोई हिचकिचाहट नहीं होगी। यह केंद्र विशेष रूप से महिलाओं से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने और उनके त्वरित व निष्पक्ष समाधान के लिए समर्पित रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने इस संबंध में बताया कि महिला सहायता केंद्र का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को एक ऐसा सुरक्षित और सहज वातावरण प्रदान करना है, जहाँ वे बिना किसी डर या संकोच के अपनी बात रख सकें। इस पहल को महिला सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बेहद प्रभावी कदम माना जा रहा है।
इस आयोजन के दौरान न केवल आम जनता की सुरक्षा, बल्कि कानून व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया गया। रानीगंज थाना परिसर के भीतर ही पुलिस जवानों की फिटनेस और उनके मानसिक तनाव को कम करने के लिए बैडमिंटन और वॉलीबॉल खेलने हेतु स्पोर्ट्स ज़ोन तैयार किया गया है। इस विषय पर जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक रूप से सक्रिय रहना और नियमित एक्सरसाइज करना बेहद ज़रूरी है। उन्होंने बताया कि कमिश्नरेट के अधीन आने वाले सभी थानों और पुलिस चौकियों में वॉलीबॉल कोर्ट जैसी खेल गतिविधियां शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि जवान ड्यूटी के तनाव से मुक्त और फिट रह सकें। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि रानीगंज थाने के इस स्पोर्ट्स ज़ोन में न केवल पुलिसकर्मी, बल्कि आसपास के स्थानीय लोग भी आकर खेल सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।





0 Comments