कोलकाता :- Shree Shree Jagannath Sanskritik Kendra दीघा के जगन्नाथ मंदिर के नाम को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार शांत हो गया है। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से पत्र मिलने के बाद पश्चिम बंगाल सरकार ने दीघा के जगन्नाथ मंदिर के नाम से 'धाम' शब्द हटाने का फैसला किया है। अब से इस मंदिर को 'श्री श्री जगन्नाथ सांस्कृतिक केंद्र' के नाम से जाना जाएगा। मंगलवार को नवान्न (राज्य सचिवालय) में पुरी के सांसद संबित पात्रा की उपस्थिति में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस निर्णय की आधिकारिक घोषणा की। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्पष्ट किया कि नाम बदलने के बावजूद मंदिर की धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। मंदिर में पूरी रीति-नीति और नियमों के अनुसार जगन्नाथ जी की पूजा-अर्चना की जाएगी और इसमें किसी भी तरह की बाधा नहीं आएगी।
गौरतलब है कि दीघा के इस भव्य मंदिर को 'जगन्नाथ धाम' कहे जाने पर ओडिशा के लोगों, जगन्नाथ भक्तों और सनातनी हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचने की बातें सामने आ रही थीं, क्योंकि शास्त्रों के अनुसार 'धाम' केवल पुरी को ही माना गया है। इसी विषय को लेकर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद दोनों राज्यों और सांस्कृतिक गरिमा को ध्यान में रखते हुए यह सुधारात्मक कदम उठाया गया है।


0 Comments