कुल्टी :- आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कुल्टी थाना क्षेत्र के बड़िरा इलाके में मंगलवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की घटना अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि बुधवार को कुल्टी के पुनूड़ी इलाके के जंगल से एक और अज्ञात शव बरामद किया गया। सड़ी-गली अवस्था में मिले युवक के शव को कुल्टी थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही कुल्टी थाना के इंस्पेक्टर इनचार्ज (IC) अशोक सिंह महापात्र, एसीपी (कुल्टी) शेख जावेद हुसैन और नियामतपुर चौकी के प्रभारी मिहिर कुमार डे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, मृत युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। उसकी उम्र लगभग 40 वर्ष आंकी जा रही है। शव काफी सड़ चुका है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की मौत कम से कम तीन दिन पहले हुई होगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। इलाके के लोगों ने बताया कि बुधवार सुबह जिस जगह पर शव मिला, वहां आमतौर पर कोई आता-जाता नहीं है। सुबह कुछ लोग शौच के लिए गए थे, तभी उन्होंने जंगल में शव पड़ा देखा। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी अन्य ग्रामीणों को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पिछले 24 घंटों के भीतर कुल्टी थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग जगहों से दो अज्ञात शवों के मिलने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस दोनों मामलों की बारीकी से जांच कर रही है।



0 Comments