पांडेश्वर :- पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक जितेंद्र तिवारी ने महत्वाकांक्षी 'पंच पांडव पेयजल परियोजना' को धरातल पर उतारने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी सिलसिले में मंगलवार को विधायक जितेंद्र तिवारी ने संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ प्रस्तावित परियोजना स्थल का दौरा किया और कार्ययोजना को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की।

दौरे के बाद विधायक जितेंद्र तिवारी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादे के मुताबिक, पांडेश्वर में ‘पंच पांडव जल परियोजना’ की रूपरेखा तैयार करने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों को भेजने और इस निरीक्षण की व्यवस्था करने के लिए मैं माननीय मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी जी को दिल से धन्यवाद देता हूँ। पांडेश्वर के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही पेयजल की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में यह पहल एक बेहद महत्वपूर्ण कदम है।



गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के दौरान जितेंद्र तिवारी ने इस भव्य 'पंच पांडव जल परियोजना' का खाका जनता के सामने रखा था। इस योजना के तहत अजय नदी को पानी का मुख्य स्रोत बनाया जाएगा, जहाँ से निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अत्याधुनिक शोधन और पंपिंग प्रणाली स्थापित की जाएगी। इस योजना से क्षेत्र के केंद्रा, बैद्यनाथपुर, नवग्राम, बहुला, छोरा, हरिपुर और लाउदोहा सहित कुल 12 टाउन जोनों के लगभग 60,000 परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। परियोजना के अंतर्गत पांडेश्वर के डालुरबांध में 70 एमएलडी (MLD) क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) और विभिन्न अंचलों में 12 ओवरहेड जलाशय (OHR) बनाने की योजना तैयार की गई है। विधायक ने भरोसा जताया कि 'सबका साथ सबका विकास' के संकल्प के साथ हर घर में सीधे नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाएगा, जिससे क्षेत्र की महिलाओं और बच्चों के जीवन स्तर में बड़ा सुधार आएगा।