आसनसोल :- आसनसोल नगर निगम के वार्ड नंबर 40 के अंतर्गत आने वाले ट्रैफिक इलाके में शनिवार को उस वक्त भारी तनाव फैल गया, जब जीटी रोड के किनारे नगर निगम द्वारा बनाए गए मार्केट में स्थित कांग्रेस के एक कार्यालय में कुछ अज्ञात बदमाशों ने जमकर तोड़फोड़ की। हमलावरों ने कार्यालय में लगे पार्टी के झंडे और बैनर भी फाड़ दिए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता प्रोसेनजीत पुईटुंडी और शाह आलम समेत कई अन्य कार्यकर्ता तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पार्टी कार्यालय की हालत देखकर गहरी नाराजगी और आक्रोश व्यक्त किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस कायरतापूर्ण कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से मांग की है कि घटना में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाए।
इस पूरे मामले पर कांग्रेस नेता और अधिवक्ता कैश बेग ने बताया कि शनिवार दोपहर, जब कार्यालय में कोई मौजूद नहीं था, तब कुछ युवक वहां आए। उन्होंने न केवल कार्यालय में तोड़फोड़ की, बल्कि यह धमकी भी दी कि अगर भविष्य में कोई इस कार्यालय में बैठा, तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे। कैश बेग ने हमलावरों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि यह संपत्ति किसी की पुश्तैनी जागीर नहीं है। नगर निगम से बकायदा लिखित तौर पर अनुमति लेने के बाद ही यहां पार्टी कार्यालय का निर्माण किया गया है। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि किसी में इतनी हिम्मत नहीं है कि इस कार्यालय को जबरन बंद करवा सके।
कांग्रेस नेतृत्व ने इस घटना के खिलाफ सख्त कानूनी रास्ता अख्तियार करने का फैसला किया है। मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दे दी गई है। सूचना पाकर पुलिस टीम भी जांच के लिए मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।



0 Comments