दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- दुर्गापुर स्टील प्लांट (DSP) में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने तत्परता दिखाते हुए चोरी की एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया है। सीआईएसएफ के जवानों ने चोरी का लगभग 980 किलोग्राम कॉपर केबल और अन्य मूल्यवान सामग्रियां बरामद की हैं। बरामद किए गए इस पूरे सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 9.5 लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही चोरी के मामले में मुख्य आरोपी वारिया कोल डिपो के निवासी जितेंद्र महतो को गिरफ्तार किया है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 जुलाई के तड़के करीब 02:30 बजे सीआईएसएफ के डीएसपी यूनिट के जवानों ने प्लांट के भीतर कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखीं। सुरक्षा के लिहाज से तुरंत हरकत में आते ही सीआईएसएफ ने 3 विशेष तलाशी दल गठित किए और रॉ मैटेरियल हैंडलिंग प्लांट (आरएमएचपी), सेक्शन मिल तथा पिलर संख्या-457 के आसपास के इलाकों में एक सघन तलाशी अभियान छेड़ दिया। इस दौरान झाड़ियों में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में कॉपर केबल और अन्य कीमती सामान बरामद हुआ, जिसे असामाजिक तत्व प्लांट से बाहर तस्करी करने की फिराक में थे। सुरक्षा बल ने सभी सामग्रियों को अपने कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए दुर्गापुर स्टील प्लांट प्रबंधन को सौंप दिया है।


सीआईएसएफ द्वारा पिछले एक सप्ताह से लगातार चलाए जा रहे चोरी-रोधी अभियान के तहत यह एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। इसी अभियान के हिस्से के रूप में सीआईएसएफ जवानों ने 260 किलोग्राम अतिरिक्त कॉपर केबल भी बरामद की है और चोरी की गतिविधियों में शामिल 43 वर्षीय आरोपी जितेंद्र महतो को गिरफ्तार किया है। आरोपी जितेंद्र महतो दुर्गापुर के वारिया कोल डिपो क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है, जिसे अग्रिम कानूनी तफ्तीश के लिए वारिया फाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया गया है। सीआईएसएफ के अनुसार, यह सफल कार्रवाई महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के प्रति बल की सतर्कता, पेशेवर कुशलता और स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय को दर्शाती है।