अंडाल :- दुर्गापुर के अंडाल स्थित श्यामसुंदरपुर कोलियरी इलाके में बुधवार सुबह एक भयानक हादसा हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यहां ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) का करीब 70 साल पुराना पानी का टैंक अचानक भरभराकर ढह गया। इस हादसे में ईसीएल के दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। टैंक गिरने की जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे घायलों को बाहर निकाला। घायलों की पहचान ईसीएल कर्मी संगीता देवी और प्रभावती भुइयां के रूप में हुई है। दोनों को आनन-फानन में इलाज के लिए दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

इस घटना को लेकर स्थानीय निवासियों और ईसीएल कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। कर्मचारियों का आरोप है कि यह हादसा प्रबंधन की चरम लापरवाही और लंबे समय से रखरखाव की कमी के कारण हुआ है। ईसीएल कर्मी प्रबीर चक्रवर्ती ने कहा कि यह दुर्घटना इतनी भयानक थी कि किसी की जान भी जा सकती थी, लेकिन सौभाग्य से दोनों कर्मचारी जीवित हैं। कर्मचारियों ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है।


गौरतलब है कि इस पुराने पानी के टैंक की जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय लोग लंबे समय से शिकायत कर रहे थे, लेकिन अधिकारियों ने मरम्मत को लेकर कोई कदम नहीं उठाया। श्रमिक संगठनों का कहना है कि कोलियरी क्षेत्र में ऐसी कई पुरानी और जर्जर इमारतें हैं, जिनका सालों से जीर्णोद्धार नहीं हुआ है। इसके चलते श्रमिक हमेशा जान जोखिम में डालकर काम करने को मजबूर हैं। संगठनों ने चेतावनी दी है कि प्रबंधन को जल्द से जल्द सभी पुराने ढांचों का रखरखाव और मरम्मत कार्य शुरू करना होगा, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।