कोलकाता :- तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कालीघाट गुट में एक बार फिर बड़ा फेरबदल हुआ है। राज्य अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य द्वारा पद से इस्तीफा देने के बाद, पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने खुद संगठन की कमान अपने हाथों में ले ली है। शनिवार को फेसबुक लाइव के जरिए ममता बनर्जी ने घोषणा की कि चंद्रिमा की विदाई के बाद अब वह खुद राज्य अध्यक्ष का दायित्व संभालेंगी। इसके साथ ही संगठन को सुचारू रूप से चलाने के लिए उन्होंने कमरहाटी के विधायक मदन मित्रा और बेलेघाटा के कुणाल घोष को नया प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है।
ममता बनर्जी ने कड़ा संदेश देते हुए कहा, "कौन पार्टी छोड़कर गया, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मुझे नेता नहीं, आम कार्यकर्ता चाहिए। अब मैं खुद संगठन देखूंगी और पार्टी कार्यालय में अधिक समय दूंगी।"
दरअसल, इस विवाद की शुरुआत शुक्रवार को हुई जब ऋतब्रत बनर्जी और उनके समर्थकों ने पुलिस की मदद से महानगर स्थित तृणमूल के एक कार्यालय पर ताला लगा दिया। इस दौरान वहां मौजूद न रहने और कब्जा रोकने में नाकाम रहने पर ममता बनर्जी ने चंद्रिमा भट्टाचार्य से जवाबदेही मांगी थी। इसी 'अभिमान' (नाराजगी) में चंद्रिमा ने शनिवार को अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद ममता बनर्जी को यह बड़ा फैसला लेना पड़ा।

0 Comments