आसनसोल :- आसनसोल के हटन रोड इलाके में मंगलवार को हिंदू जागरण मंच की ओर से एक विशाल विरोध मार्च और प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संगठन के कार्यकर्ता हाथों में विभिन्न मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर सड़क पर उतरे और अपनी आवाज बुलंद की। यह विरोध प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर हाल ही में ककरोच जनता पार्टी के आंदोलन के दौरान कथित रूप से लगाए गए देशविरोधी नारों के विरोध में आयोजित किया गया था। हिंदू जागरण मंच के प्रतिनिधियों ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि देश की राजधानी में इस तरह की राष्ट्रविरोधी गतिविधियां बेहद चिंताजनक हैं और संगठन इसे बेहद गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने प्रशासन और केंद्र सरकार से मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराई जाए। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में देशविरोधी नारे लगाने के आरोप सही साबित होते हैं, तो दोषी व्यक्तियों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।


प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि देश की अखंडता और संप्रभुता से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर मंच के जिला संयोजक हाबू गोराई, नगर संयोजक अनुभा प्रकाश माझी, आसनसोल नगर की सह-संयोजक पूजा सिंह तथा लीगल एडवाइजर अधिवक्ता पीयूष कांति गोस्वामी समेत संगठन के कई प्रमुख सदस्य और बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।