रानीगंज :- रानीगंज में 13 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार व्यक्ति के खिलाफ पोक्सो और एससी-एसटी अधिनियम की सख्त धाराएं लगाने की मांग को लेकर भीम आर्मी ने रानीगंज थाने में ज्ञापन सौंपा। बुधवार शाम भीम आर्मी की पश्चिम बर्दवान शाखा के प्रतिनिधि और कार्यकर्ता रानीगंज थाना पहुंचे। वे हाथों में भीम आर्मी के झंडे लिए हुए थे। जहां रानीगंज थाना के आईसी सुबीर कर्मकार के साथ भीम आर्मी के पदाधिकारियों की तीखी बहस हुई। आईसी ने भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं को नारेबाजी करते हुए थाना परिसर में दाखिल होने पर आपत्ति जताई। बाद में भीम आर्मी ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की। भीम आर्मी द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, 11 को रानीगंज के पंजाबी मोड़ इलाके में 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ यह गंभीर घटना घटी थी। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। 

भीम आर्मी की मांग है कि आरोपी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी और अगली कानूनी प्रक्रिया में पोक्सो कानून के साथ-साथ एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की लागू होने योग्य कठोर धाराओं को जोड़ा जाए, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके। इसके अलावा, भीम आर्मी ने पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने, उसे उचित चिकित्सा व मानसिक परामर्श (काउंसलिंग) उपलब्ध कराने तथा सरकारी मुआवजे की व्यवस्था करने की भी मांग की है। संगठन के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि यदि इन मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। फिलहाल पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर टिकी है।