कोलकाता :- कोलकाता के गार्डनरीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (GRSE) में युद्धपोत निर्माण और रक्षा उत्पादन को गति देने के लिए ₹3,400 करोड़ की लागत वाली पांच नई परियोजनाओं का भूमि पूजन और शिलान्यास संपन्न हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी उपस्थित रहे। यह पहल भारत के रक्षा उत्पादन और जहाजरानी क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्य में हो रहे औद्योगिक विकास और रक्षा क्षेत्र में योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि बंगाल की धरती अब नए निवेश और औद्योगिकीकरण की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि राज्य सरकार के सहयोग और सकारात्मक दृष्टिकोण से रक्षा उत्पादन तथा विनिर्माण क्षेत्र में कई नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि इन परियोजनाओं के शुरू होने से न केवल आधुनिक युद्धपोतों के निर्माण में तेज़ी आएगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर कई नए अनुषंगी (ऐंसिलरी) उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे युवाओं के लिए रोज़गार के अवसर सृजित होंगे। सीमा सुरक्षा के लिए भूमि उपलब्ध कराने से लेकर औद्योगिक ढाँचे को मजबूत करने तक, रक्षा मंत्री ने बंगाल के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य अब विकास और औद्योगिक पुनर्जागरण के पथ पर अग्रसर है।



0 Comments