दुर्गापुर :- स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश फैलाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने दुर्गापुर में 100 फीट लंबे राष्ट्रीय ध्वज के साथ एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया। इस शोभायात्रा की शुरुआत दुर्गापुर के माइकल मधुसूदन मेमोरियल कॉलेज प्रांगण से हुई। हाथ में विशाल तिरंगा थामे, देशभक्ति के गीतों और गूंजते नारों के साथ प्रतिभागी सिटी सेंटर तक पैदल चले। इस आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह और उमंग देखने को मिली। राहगीरों ने भी इस पहल का स्वागत किया। 

इस कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं और संगठन के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वतंत्रता की चेतना को हर व्यक्ति तक पहुँचाने का आह्वान किया। संगठन की ओर से बताया गया कि आगामी स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाना उनका मुख्य उद्देश्य है। हर घर पर तिरंगा फहराकर देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव को मजबूत करने के लिए यह पहल की गई है।