रानीगंज :- रानीगंज थाना की ओर से युवा पीढ़ी को नशे के खतरे से बचाने और आम नागरिकों के बीच जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष नशा विरोधी रैली का आयोजन किया गया। रैली में पुलिस अधिकारियों, जवानों और स्थानीय स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

रैली के दौरान स्कूली बच्चों के हाथों में पुलिस द्वारा तैयार जागरूकता पोस्टर और बैनर थे, जिन पर नशामुक्ति से जुड़े कई सामाजिक संदेश लिखे थे। पोस्टर पर "नशा विरोधी जागरूकता शिविर" मुख्य रूप से अंकित था। इसके अलावा पोस्टर में "नशे को कहें ना, जीवन को कहें हां", "स्वास्थ्य चुनें, जीवन चुनें", "नशा सपनों को बर्बाद करता है", "मजबूत बनें, नशे को ना कहें", "नशामुक्त मन, खुशहाल जीवन" और "नशामुक्त समाज ही एक मजबूत समाज है" जैसे प्रभावी हिंदी नारे लिखे हुए थे। बच्चों और पुलिस टीम ने "आओ मिलकर नशामुक्त और बेहतर कल का निर्माण करें" का संकल्प दोहराते हुए आम लोगों से एकजुट होने का आह्वान किया।

पंजाबी मोड़ फांड़ी के प्रभारी नजमुल होदा के नेतृत्व में निकली यह रैली क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहाँ पुलिसकर्मियों ने दुकानदारों, वाहन चालकों और राहगीरों को रोककर मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया। पुलिस अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि किशोरों और युवाओं को सही राह पर बनाए रखने के लिए ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे, ताकि आने वाली पीढ़ी को एक स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज मिल सके।