रेजिनगर (मुर्शिदाबाद) :- पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिला अंतर्गत रेजिनगर क्षेत्र में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। लोकतांत्रिक तृणमूल कांग्रेस (ऋतव्रत समर्थक) के उप-चुनाव प्रचार के दौरान प्रचार वाहन से फेंकी जा रही टॉफियां और चॉकलेट्स को चुनने के चक्कर में 6 वर्षीय मासूम बच्ची जसमिन खातून वाहन की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से घायल बच्ची की कोलकाता के एनआरएस (NRS) अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार को राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी स्वयं मुर्शिदाबाद के रेजिनगर पहुंचे और मृतक बच्ची के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवार से बातचीत कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उनका ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि चुनाव प्रक्रिया समाप्त होते ही राज्य सरकार की ओर से परिवार को हर संभव सहायता और मदद प्रदान की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आगामी 6 अक्टूबर को नंदीग्राम और रेजिनगर विधानसभा सीटों पर उप-चुनाव होने जा रहे हैं, जिसके चलते इलाके में विभिन्न राजनीतिक दलों का प्रचार अभियान जोरों पर है। कुछ दिन पहले जब प्रचार वाहन से लाउडस्पीकर बजाते हुए चॉकलेट्स उछाली जा रही थीं, तो मासूम जसमिन उन्हें बटोरने के लिए दौड़ पड़ी। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गई।



0 Comments