आसनसोल :- राज्य की शहरी विकास एवं नगरपालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने रविवार को आसनसोल में दो बड़ी जनहितैषी योजनाओं की शुरुआत की। उन्होंने आसनसोल जिला अस्पताल में नए सिरे से सामान्य प्रसव तथा स्त्री रोग विभाग का औपचारिक उद्घाटन किया, जिससे क्षेत्र की महिलाओं को बेहतर और उन्नत चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके साथ ही मंत्री ने आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के जामडोबा गांव में खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए ड्रोन के जरिए फसलों पर कीटनाशक दवाओं के छिड़काव की पहल का भी शुभारंभ किया। आसनसोल जिला अस्पताल में उद्घाटन समारोह के दौरान मंत्री ने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि अक्सर एक बेड पर दो से तीन मरीजों के इलाज की तस्वीरें सामने आती थीं, लेकिन नए प्रसव विभाग के शुरू होने से अब मरीजों को बेड की किल्लत से निजात मिलेगी। अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के लिए 117 बेड और सामान्य प्रसव व स्त्री रोग विभाग के नए वार्ड में 50 बेड की व्यवस्था की गई है। मंत्री ने दावा किया कि विशेषज्ञ डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ, आधुनिक बुनियादी ढांचे और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिए जाने के बाद अब आसनसोल जिला अस्पताल निजी अस्पतालों को भी कड़ी टक्कर देगा।




0 Comments