दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- दुर्गापुर पश्चिम के भाजपा विधायक लखन चंद्र घोरुई ने खुद पर लग रहे आरोपों पर सफाई देते हुए पलटवार किया है। दरअसल उनकी संपत्ति में बढ़ोतरी, परिवार के सदस्यों को नौकरी दिलाने और पत्नी के नाम पर जमीन के मामले को लेकर भूमि रक्षा कमेटी के ध्रुवज्योति मुखर्जी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। इस आरोप-प्रत्यारोप के बाद दुर्गापुर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इतना ही नहीं विधायक ने इस पूरे मामले को लेकर दुर्गापुर थाना में एफआईआर भी दर्ज कराई है।
ध्रुवज्योति मुखर्जी का दावा है कि 2021 में भाजपा के टिकट पर विधायक बनने के बाद लखन घोरुई की संपत्ति में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने विधायक के बेटे और बेटी को केंद्र सरकार के उपक्रम में नौकरी मिलने और पत्नी के नाम पर बड़ी मात्रा में जमीन होने पर भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि इन आरोपों की सच्चाई के लिए चुनावी हलफनामे, जमीन के दस्तावेज और नौकरी से जुड़े रिकॉर्ड की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
वहीं विधायक लखन घोरुई ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि यह सोची-समझी साजिश के तहत उनकी छवि खराब करने की कोशिश है। विधायक ने कहा कि जो व्यक्ति आरोप लगा रहा है वह सिर्फ मोहरा है, उसके पीछे कई प्रभावशाली लोग हैं जो जल्द ही बेनकाब होंगे। उन्होंने कहा कि उन पर लगाए गए आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं और वह किसी भी जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं। जरूरत पड़ी तो वह इस मामले में कानूनी कार्रवाई भी करेंगे। फिलहाल आरोपों और प्रत्यारोपों के बीच सच्चाई क्या है, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।



0 Comments