दुर्गापुर :- दुर्गापुर के सागरभांगा बीडीओ ऑफिस मोड़ पर स्थित एक मिष्ठान भंडार में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा दुकान जलकर खाक हो गया। दुकान के अंदर रखा गैस सिलेंडर फटने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

दुकान मालिक ने बताया कि आधी रात को कर्मचारियों ने दुकान से धुआं निकलते देखा। कुछ समझ पाते उससे पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आकर अंदर रखा सिलेंडर भी फट गया, जिससे आग और भड़क उठी। घनी आबादी वाले इलाके में आग और विस्फोट की आवाज से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान के अंदर रखी मिठाई बनाने की मशीनें, फ्रिज और अन्य सामान जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस हादसे में कई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।


प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गनीमत रही कि रात का समय होने के कारण दुकान में कोई मौजूद नहीं था, इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन घनी बस्ती में इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।