नंदीग्राम :- नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन BJP ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। रविवार को चुनाव प्रचार का आखिरी दिन होने के कारण BJP उम्मीदवार हंसिरानी रथ के समर्थन में विशाल रोड शो (पदयात्रा) का आयोजन किया गया, जिसकी अगुवाई मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने की। रोड शो के दौरान पूरा मार्ग समर्थकों के भारी उत्साह और गगनभेदी नारों से गुंजायमान रहा। सुबह के समय यह विशाल पदयात्रा नंदीग्राम-1 ब्लॉक के टेंगुआ मोड़ से शुरू होकर थाना (अस्पताल) मोड़ तक पहुंची, जहां सड़कों के दोनों ओर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। फूलों की बारिश और भाजपा के झंडों के साथ समर्थकों ने इस पैदल यात्रा को एक जनसैलाब में बदल दिया। मुख्यमंत्री ने खुद पदयात्रा में शामिल होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और माहौल में राजनीतिक गर्मी बढ़ा दी। इसके बाद दोपहर के सत्र में नंदीग्राम -2 ब्लॉक के राजारामचक से मीरेर बाजार तक दूसरे बड़े रोड शो का आयोजन किया गया। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जनता से जुड़ते हुए भाजपा उम्मीदवार हंसिरानी रथ को रिकॉर्ड तोड़ मतों से विजयी बनाने की भावुक अपील की। इस शक्ति प्रदर्शन के साथ ही नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार थम गया है। आगामी 6 अक्टूबर, मंगलवार को मतदान होगा, जबकि वोटों की गिनती 9 अक्टूबर को की जाएगी।


0 Comments