आसनसोल :- सन्मार्ग फाउंडेशन के तरफ से रविवार को आसनसोल क्लब में 'राम अवतार गुप्त हिंदी प्रोत्साहन-2022' का आयोजन किया गया। गीता देवी जालान फाउंडेशन और लिंक द्वारा संचालित 'राम अवतार गुप्त हिंदी प्रोत्साहन-2022' में विभिन्न क्षेत्रों की कई जानी मानी हस्तियों ने शिरकत की। सर्वप्रथम पश्चिम बंग हिंदी अकादमी के चेयरमैन व जोड़ासांकू विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक गुप्त, आसनसोल नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, आसनसोल रेल डिवीजन के एडीआरएम मुकेश कुमार मीणा, वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त चंद्रमोहन मिश्रा, गीता देवी जालान फाउंडेशन के सुरेन जालान व शिक्षक ए के शर्मा ने द्वीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस मौके पर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर सुधीर कुमार निलकांतम व आसनसोल नगर निगम के भावी डिप्टी मेयर वसिमुल हक समेत अन्य विशिष्ट अतिथि थे। सन्मार्ग फाउंडेशन की डायरेक्टर रुचिका गुप्त ने 'राम अवतार गुप्त हिंदी प्रोत्साहन-2022' कार्यक्रम में पहुंचे सम्मानित अतिथियों को पुष्प गुच्छ देकर और उत्तरीय पहनाकर सम्मानित किया। इस मौके पर हिंदी में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर हिन्दी का मान सम्मान बढ़ाने वाले के 10 वीं और 12 वीं के छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कई छात्र छात्राओं को सन्मार्ग फाउंडेशन के तरफ से स्कालरशिप प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान जायस कुमार की प्रस्तुति आकर्षक का केंद्र रही। जायस कुमार ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 'राम अवतार गुप्त हिंदी प्रोत्साहन-2022' सम्मान से नवाजे गए छात्र छात्राओं में काफी उत्साह देखा गया और छात्र छात्राओं ने इसके लिए सन्मार्ग फाउंडेशन के प्रति आभार जताया। इतना ही नहीं कार्यक्रम में पहुंचे तमाम अतिथियों ने भी सन्मार्ग फाउंडेशन के तरफ से हिंदी के प्रचार प्रसार एवं छात्र छात्राओं में हिंदी के प्रति रुझान बढ़ाने के लिए शुरू किए गए रामअवतार गुप्त हिंदी प्रोत्साहन की जमकर प्रशंसा की।
पश्चिम बंग हिंदी अकादमी के चेयरमैन व जोड़ासांकू विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक गुप्त ने कहा कि लगभग 15 से 16 साल पहले ऐसा महसूस किया गया कि छात्र-छात्राओं में हिंदी पढ़ने के प्रति रुचि कम होती जा रही है। इसलिए छात्र छात्राओं को हिंदी के प्रति आकर्षित करने के लिए सम्मानित करने पुरस्कार देने का विचार आया था। सीबीएसई आईसीएसई और वेस्ट बंगाल बोर्ड के 10वीं एवं 12वीं कक्षा में हिंदी में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र छात्राओं को सम्मानित करने के लिए रामअवतार प्रतिभा पुरस्कार का पहला संस्करण कोलकाता में हुआ था और सिर्फ 20 छात्रों को लेकर इसकी शुरुआत हुई थी। विधायक विवेक गुप्त ने कहा कि आज सभी को जानकर यह खुशी होगी कि राम अवतार गुप्त हिंदी प्रोत्साहन में राज्य भर के लगभग 15 हजार छात्र-छात्राएं भाग लेते हैं।
0 Comments