Asansol में 40 लाख की लागत से विश्व बांग्ला गेट और 2 करोड़ से बनेगा पार्क, मेयर ने शिलान्यास किया


आसनसोल :- आसनसोल नगर निगम के तरफ से आसनसोल शहर के सुंदरीकरण पर जोर दिया जा रहा है। इसी के तहत आसनसोल नगर निगम ने कहीं विश्व बांग्ला गेट तो कहीं पार्क के निर्माण का कार्य शुरू किया है। शुक्रवार को आसनसोल नगर निगम के मेयर विधान उपाध्याय ने भगतसिंह मोड़ के पास विश्व बांग्ला गेट के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। यहां लगभग 40 लाख रुपए की लागत से विश्व बांग्ला गेट का निर्माण होगा। इसके अलावा मेयर विधान उपाध्याय ने सेंट पैट्रिक स्कूल के निकट खाली कराई गई जमीन पर नए पार्क के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस पार्क के निर्माण पर लगभग 2 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इस अवसर पर डिप्टी मेयर वसीमुल हक व बोरों चेयरमैन शिवानंद बाउरी भी उपस्थित थे। 


 मेयर विधान उपाध्याय ने कहा कि जब आसनसोल नगर निगम के नए बोर्ड का गठन हुआ था तभी यहां की जनता से वादा किया था कि शहर के सुंदरीकरण और ट्रैफिक जाम से मुक्ति पर जोर दिया जाएगा। इसी के तहत नगर निगम विभिन्न कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि कालीपहाड़ी मोड़ के पास भी विश्व बांग्ला गेट बनाने का कार्य चल रहा है। आसनसोल शहर को और ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए जुबली मोड़ के पास सबसे बड़ा विश्व बांग्ला गेट बनेगा। जिस पर लगभग 10 करोड़ रुपए खर्च होंगे। जितना जल्द संभव हो सके इसके लिए टेंडर जारी करने का प्रयास किया जा रहा है। आसनसोल शहर के रविंद्र भवन के पास भी राज्य सरकार के तरफ से 2 करोड़ रुपए खर्च कर विश्व बांग्ला गेट का निर्माण किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments