दुर्गापुर :- डीवीसी राज्य सरकार को बिना बताये पानी छोड़ रही है, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर राज्य के कानून मंत्री मलय घटक ने बुधवार को बांकुड़ा के घुटगरिया पंचायत के सीतारामपुर, माना, बारिसल पाड़ा समेत कई इलाकों का दौरा किया। मंत्री ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाकर ग्रामवासियों से बात की और प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया। मंत्री मलय घटक ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राज्य सरकार को बिना बताए पानी छोड़ने से हुआ इतना नुकसान हो रहा है। बाढ़ के लिए उन्होंने डीवीसी को जिम्मेदार ठहराया।
यहां बता देना जरूरी है कि मैथन व पंचेत डैम से मंगलवार को 2 लाख 74 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। जबकि बुधवार को दोनों डैम से लगभग एक लाख 70 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जब इन दोनों जलाशयों से पानी छोड़ा जाता है, तो यह दामोदर नदी के माध्यम से पश्चिम बर्दवान में दामोदर नदी पर बने दुर्गापुर बैराज तक पहुंचता है। अगर पानी का दबाव बढ़ा तो बुधवार को वहां से पानी की निकासी और बढ़ सकती है। डीवीसी द्वारा लगातार पानी छोड़े जाने के कारण दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है। खासकर पूर्व बर्दवान, बांकुड़ा, हावड़ा और दामोदर के किनारे हुगली के खानकुल, आरामबाग में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी जिलों की स्थिति पर नजर रख रही हैं। उन्होंने मंत्रियों और पार्टी नेताओं को बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा करने का निर्देश दिया हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पहले ही झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ स्थिति पर चर्चा कर चुकी हैं।
0 Comments