पूर्व बर्दवान :- दामोदर नदी के किनारे से एक प्राचीन सूर्य मूर्ति मिली है। रविवार दोपहर मूर्ति को निकालकर बर्दवान विश्वविद्यालय के संग्रहालय ले जाया गया। मूर्ति के इतिहास को जानने की कोशिश में विशेषज्ञ जुटे हुए हैं।
पूर्व बर्दवान के हरिपुर इलाके में दामोदर नदी के किनारे पिकनिक मनाने गए कुछ युवकों की नजर इस प्राचीन मूर्ति पर पड़ी। युवकों के माध्यम से खबर मिलने पर घटनास्थल पर वर्धमान विश्वविद्यालय के संग्रहालय के अधिकारी श्यामसुंदर बेरा पहुंचे। उन्होंने मूर्ति की जांच की और इसकी विशेषता के बारे में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को सूचित किया। घटनाक्रम में पुलिस प्रशासन के माध्यम से मूर्ति को निकालकर विश्वविद्यालय के संग्रहालय में ले जाया गया। विशेषज्ञों का अनुमान है कि मिली हुई मूर्ति पाल या सेन काल की है।
बर्दवान विश्वविद्यालय के संग्रहालय के प्रभारी अधिकारी श्यामसुंदर ने कहा कि मूर्ति दक्षिण दामोदर क्षेत्र के हरिपुर गांव में मिली है। यह नई पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आती है। कुछ लोगों के माध्यम से खबर मिलने पर मैं मूर्ति देखने गया था।" उन्होंने आगे कहा कि सूर्य मूर्ति दामोदर नदी के गर्भ से मिली है। माना जा रहा है कि यह पाल या सेन काल में बनी थी। अगर यह दसवीं या ग्यारहवीं शताब्दी में बनी थी तो कम से कम ग्यारह सौ साल पुरानी मूर्ति होगी। मूर्ति की विशेषता के बारे में श्यामसुंदर ने बताया कि यह बेसाल्ट पत्थर से बनी है। मूर्ति की ऊंचाई लगभग तीन फीट और चौड़ाई डेढ़ फीट के करीब है।
0 Comments