दुर्गापुर में BJP नेता संजय यादव पर हमला, अस्पताल पहुंचे जितेंद्र तिवारी, BJP-TMC में आरोप-प्रत्यारोप

 


दुर्गापुर :- दुर्गापुर में राजनीतिक तनाव उस समय बढ़ गया जब भाजपा नेता संजय यादव पर अचानक कुछ लोगों ने हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। घटना दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल के मुर्दाघर के सामने हुई, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। संजय यादव को पहले दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद उन्हें विधाननगर के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

भाजपा के पूर्व विधायक और कद्दावर नेता जितेंद्र तिवारी ने इस हमले के लिए सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। अपने घायल पार्टी कार्यकर्ता को देखने के लिए अस्पताल पहुंचे जितेंद्र तिवारी ने सत्तारूढ़ दल को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, "मार का बदला मार से लिया जाएगा। इस पूरी घटना के बाद दुर्गापुर में गहरा तनाव बना हुआ है। भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस निष्क्रिय रहती है तो वे लगातार आंदोलन शुरू करेंगे।

घटना उस समय हुई जब संजय यादव एक खदान दुर्घटना में मृत अपने रिश्तेदार, जो एक मजदूर थे, के शव को पोस्टमार्टम के लिए दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल लाए थे। आरोप है कि अचानक लगभग तीस लोगों का एक समूह अस्पताल के मुर्दाघर के सामने उन पर टूट पड़ा। इस हमले से मौके पर तुरंत तनाव फैल गया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल ले जाया गया। घायल भाजपा नेता संजय यादव ने आरोप लगाया है कि हमलावर सभी तृणमूल समर्थित थे।खबर मिलते ही भाजपा के जिला नेता चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद जितेंद्र तिवारी भी वहां पहुंचे।

हालांकि, तृणमूल नेतृत्व ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। तृणमूल के जिला प्रवक्ता उज्ज्वल मुखर्जी ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा नाटक शुरू कर रही है क्योंकि चुनाव आ रहे हैं। उन्होंने जितेंद्र तिवारी को "महत्वहीन" बताते हुए कहा कि पांडबेश्वर के विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती आज कोलकाता में हैं, वह झूठ क्यों बोल रहे हैं ?

Post a Comment

0 Comments