अवैध निर्माण पर AMC का बुलडोजर एक्शन, गगन फेरोटेक ने भरा 98 करोड़ में से 20 लाख रुपये जुर्माना

 


जामुड़िया :- आसनसोल नगर निगम (एएमसी) ने अपनी कार्रवाई तेज करते हुए उन औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है, जिन्होंने अवैध रूप से निर्माण किया है या निगम के नियमों का उल्लंघन किया है। इसी क्रम में वृहस्पतिवार को अवैध निर्माण के आरोप में जामुड़िया स्थित गगन फेरोटेक पर आसनसोल नगर निगम बुलडोजर एक्शन की तैयारी में था। अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलने से पहले ही कारखाना प्रबंधन ने जुर्माना राशि 98 करोड़ रुपये में से 20 लाख रुपये जुर्माना भर दिया। ऐसे में फिलहाल नगर निगम ने बुलडोजर एक्शन को स्थगित कर दिया।

बताया जाता हैं कि जैसे ही आसनसोल नगर निगम की टीम, जिसमें कानूनी सलाहकार रबीउल इस्लाम के नेतृत्व में इंजीनियर और अन्य कानूनी विशेषज्ञ शामिल थे, कारखाना पहुंची और कार्रवाई शुरू की, कारखाना प्रबंधन ने आनन-फानन में जुर्माना भरने का निर्णय लिया। यह एएमसी के सख्त रुख और संभावित बुलडोजर कार्रवाई का सीधा परिणाम माना जा रहा है।

एएमसी के कानूनी सलाहकार रबी उल इस्लाम ने बताया कि गगन फेरोटेक के खिलाफ आरोप लगे थे और जांच में नियमों का उल्लंघन पाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि एएमसी किसी भी कारखाने पर जुर्माना लगाना नहीं चाहती, लेकिन नियमों की अवहेलना श्रमिकों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी बताया कि जिन जमीनों पर कारखाने बनाए जा रहे हैं, उनके स्वामित्व अधिकारों की भी जांच की जा रही है। रबी उल इस्लाम के अनुसार, गगन फेरोटेक के निदेशकों ने मेयर बिधान उपाध्याय से बात की है और आज प्रतीकात्मक रूप से कुछ जुर्माना भी अदा किया है।

इस संबंध में जब कंपनी के एक अधिकारी हेमंत सिंह से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि कंपनी ने दो साल पहले ही नगर निगम से संपर्क किया था और इस बार भी समय मांगा था। हालांकि, नगर निगम के अधिकारी आए और उन्हें अवैध निर्माण के बारे में सूचित किया। हेमंत सिंह ने दावा किया कि नगर निगम का कहना है कि उनकी कंपनी ने 37,000 वर्ग फुट क्षेत्र पर अवैध निर्माण किया है और इस पर 98 करोड़ रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि जितना उनका कारखाना भी नहीं है, उससे कहीं अधिक जुर्माना लगाया गया है। सिंह ने बताया कि आज प्रतीकात्मक रूप से 20 लाख रुपये का जुर्माना अदा किया गया है और मेयर से आगे चर्चा के लिए समय मांगा गया है।

Post a Comment

0 Comments