जन कल्याण फाउंडेशन ने दुर्गापुर में किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

दुर्गापुर : – जन कल्याण फाउंडेशन ने मंगलवार को दुर्गापुर नगर निगम के वार्ड नंबर 34 स्थित सर्वोदय विद्या निकेतन के प्रांगण में एक भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस पहल में दुर्गापुर जन विकास सेवा संघ ने भी सहयोग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। सर्वप्रथम सभी अतिथियों ने विद्यालय प्रांगण में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, जिसके बाद सभी गणमान्य अतिथियों ने मिलकर दीप प्रज्वलित किया। कार्यक्रम में उपस्थित छोटे छात्र-छात्राओं के बीच केक भी बांटा गया, जिससे उनमें उत्साह देखा गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में दुर्गापुर नगर निगम के प्रशासक बोर्ड के सदस्य धर्मेंद्र यादव, समाजसेवी तरुण राय, वारिया पुलिस फाड़ी के प्रभारी उज्ज्वल साहा, पूर्व पार्षद रवींद्र कुमार राम, लालबाबू प्रसाद, राजकुमार जायसवाल, मिंटू चौधरी, जन कल्याण फाउंडेशन के अध्यक्ष आफताब हुसैन, सचिव मीता गांगुली, गौरांग विश्वास, दुर्गापुर जन विकास सेवा संघ के संस्थापक अजय कुमार चौबे, अध्यक्ष जयशंकर सिंह, और मदन चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मिलकर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया। इस कार्यक्रम के माध्यम से आम लोगों को भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्रकृति की रक्षा करने के लिए प्रेरित किया गया।


जन कल्याण फाउंडेशन की सचिव मीता गांगुली ने बताया कि उनकी संस्था ने इस वर्ष लगभग 1,000 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि संस्था "एक पेड़, एक जीवन" के नारे के साथ पौधारोपण के लिए लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। यह पहल पर्यावरण को हरा-भरा बनाने और जलवायु परिवर्तन के खिलाफ लड़ाई में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Post a Comment

0 Comments