Durgapur में मां काली मंदिर से सोने की आंखें और गहने चोरी होने से हड़कंप

दुर्गापुर :-  दुर्गापुर शहर के देवकीनगर नतुन पल्ली में बुधवार सुबह कालीतला मंदिर से चोरी की घटना ने स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया है। मां काली मंदिर से सोने की आंखें, गहने और दान पेटी गायब मिली। खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया है और दुर्गापुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बुधवार सुबह एक व्यक्ति पूजा-पाठ के लिए मंदिर का दरवाजा खोलने गया। उसने देखा कि मंदिर का ताला टूटा हुआ है और अंदर सब कुछ बिखरा पड़ा है। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर आए और देखा कि मंदिर से सब कुछ चोरी हो चुका था। मंदिर समिति के सचिव परिमल रॉय ने बताया कि इससे पहले ऐसी कोई घटना कभी नहीं हुई थी। उन्होंने बताया कि मंदिर की दान पेटी डेढ़ से दो साल से नहीं खोली गई थी, जिसमें काफी दक्षिणा जमा थी। इसके अलावा, मां काली की सोने की आंखें और अन्य आभूषण भी चोरी हो गए हैं, जिनका अनुमानित मूल्य लगभग ₹2 लाख है।

सूचना मिलने पर दुर्गापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पास के एक घर के सीसीटीवी फुटेज में देर रात तीन लोगों को एक बाइक पर जाते हुए देखा गया है। पुलिस उन फुटेज की जांच कर रही है और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। यह घटना दुर्गापुर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।

Post a Comment

0 Comments