बाजार में 60 से 70 रुपए प्रति किलो बिक रहा है प्याज
रानीगंज :- हरी सब्जियों के बाद अब प्याज की कीमतें सातवें आसमान पर जाने लगी हैं। हर साल इसी समय प्याज की कीमतों में तेजी आने लगती है। खासकर त्योहारों के सीजन में प्याज की कीमतों को लेकर हाहाकार मचने लगता है। फिलहाल प्याज की कीमत बाजार में 60 से 70 रुपए प्रति किलो तक हो गई है। कुछ दिनों पहले तक प्याज 35 से 40 रुपए प्रति किलो की दर से बिक रहा था। अब अचानक प्याज की कीमतों में उछाल आया है और लोगों को इस बात का डर सता रहा है कि कहीं आने वाले दिनों में प्याज उनकी आँखों से आंसू न निकाल दें। प्याज के कारोबारी अभी प्याज की कीमतों में और उछाल आने की सम्भावना जता रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि अगर प्याज उत्पादन करने वाले राज्यों में मांग के मुताबिक प्याज की आपूर्ति नहीं होती है तो कीमतें अनियंत्रित हो सकती है। यह सब कुछ मांग और आपूर्ति पर निर्भर है।
जानकारी के अनुसार, प्याज की कीमत बढ़ने का सीधा असर अब आम आदमी की जेब पर देखा जा रहा है। रविवार को रानीगंज के हटिया में जाकर देखा गया कि प्याज की कीमत सुनकर ही लोगों के होश उड़ जा रहे है। बाजार का जायजा लेने पर पता चला कि कल तक जो लोग 1 या 2 किलो प्याज खरीदते थे। अब कीमतें बढ़ने की वजह से आधा किलो प्याज खरीद का ही काम चलाना पड़ रहा है। दाम बढ़ने की वजह से प्याज की बिक्री पर भी असर पड़ा है।
हर साल प्याज की कीमतें बढ़ने से रोकने के उपाय किए जाते हैं। प्याज के एक्सपोर्ट पर बैन लगा दिया जाता है, प्याज के स्टॉक पर रोक लग जाती है, सरकारी एजेंसियां सस्ते दामों पर प्याज की बिक्री शुरू कर देती है। लेकिन इसके बावजूद प्याज आम जनता का रुलाता रहता है। कुछ इस बार भी ऐसा ही होता लग रहा है। प्याज का मसला ऐसा है कि केंद्र से लेकर राज्य सरकार तक चिंताग्रस्त हो जाती हैं। अक्सर प्याज की कीमतें राजनीतिक मुद्दा बन जाती हैं। लिहाजा सरकार तक कोशिश में रहती है कि उनकी कीमतों को काबू में रखा जाए। इस बार मोटे तौर पर प्याज की कीमतों में बढोतरी का रिश्ता अगस्त व सितंबर महीने में प्याज उत्पादन वाले राज्यों में हुई भारी बारिश और फसल खराब हो जाना है। यहां की मंडियों में मुख्य रूप से महाराष्ट्र के नासिक से प्याज आता है। लेकिन अभी नासिक से प्याज की आपूर्ति कम हो रही हैं। प्याज की कीमतें बढ़ने की एक वजह जमाखोरी भी बताई जा रही है। प्याज की नई फसल आने में अभी काफी समय लग सकता हैं। उससे पहले प्याज के दाम कम होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।



0 Comments