दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर ईएसआई अस्पताल में शुक्रवार को भारी हंगामे और तनाव का माहौल बन गया। दुर्गापुर पश्चिम के भाजपा विधायक लक्ष्मण चंद्र घोड़ुई को अस्पताल में प्रवेश करने से रोक दिया गया। उनके साथ भाजपा महिला मोर्चा की नेतृत्व टीम को भी अस्पताल में घुसने नहीं दिया गया।
विधायक लक्ष्मण चंद्र घोड़ुई ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पताल में भर्ती एक लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ है, और प्रशासन इस पूरे मामले को छुपाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि जब वह उस पीड़िता से मिलने पहुंचे तो उन्हें एक घंटे तक रोका गया और अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
भाजपा समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और एक अस्पताल कर्मी को घेरकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि प्रशासन सच को छुपाने की कोशिश कर रहा है और अस्पताल के अंदर क्या चल रहा है, यह किसी को पता नहीं चलने देना चाहता।
स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लेने की कोशिश की। वहीं, सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया और इसे सिर्फ एक राजनीतिक ड्रामा बताया।
फिलहाल, पूरे घटनाक्रम के बाद दुर्गापुर ईएसआई अस्पताल में तनाव बना हुआ है, और स्थानीय लोग इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
0 Comments