India-Pakistan Tension : पश्चिम बंगाल सरकार ने सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कीं



कोलकाता :- भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए पश्चिम बंगाल के राज्य सचिवालय नवान्न ने एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने तत्काल प्रभाव से राज्य के सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। इस संबंध में एक आधिकारिक निर्देशिका भी जारी कर दी गई है। गौरतलब है कि भारतीय सेना ने मंगलवार की आधी रात को पाक अधिकृत कश्मीर और पाकिस्तान के नौ ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की थी, जिसमें जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठनों के सैकड़ों आतंकवादी मारे गए और उनके कई ठिकाने नष्ट कर दिए गए। इसी पृष्ठभूमि में, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आम लोगों से नहीं डरने की अपील की थी। उन्होंने कहा था, "आतंकित न हों। भ्रमित न हों। जिम्मेदार लोग नजर रख रहे हैं। यदि कोई जानकारी हो तो बता सकते हैं, मैसेज कर सकते हैं।" उन्होंने गलत खबरों से गुमराह न होने का भी संदेश दिया था।


 अब, राज्य सरकार ने सभी राज्य सरकार के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द करने का ऐलान किया है। जारी अधिसूचना के अनुसार, शारीरिक अस्वस्थता की स्थिति में छूट मिल सकती है, लेकिन इसके लिए उच्च अधिकारियों की अनुमति लेनी होगी। इतना ही नहीं, कर्मचारियों को फिलहाल अपना क्षेत्र छोड़ने की भी अनुमति नहीं होगी। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि सभी को अपनी पोस्टिंग के स्थान पर ही रहना होगा। हालांकि, जो कर्मचारी वर्तमान में बीमारी के कारण छुट्टी पर हैं, उनके लिए यह निर्देश लागू नहीं होगा।


Post a Comment

0 Comments