पांडेश्वर में रेल गेट बंद करने के फैसले पर बवाल, तिरंगा लेकर सड़क पर उतरे हजारों लोग

पांडवेश्वर : पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के पांडेश्वर में रेलवे के एक फैसले के खिलाफ लोगों का गुस्सा सड़कों पर देखने को मिला। फूलबागान मोड़ स्थित रेल गेट को स्थायी रूप से बंद करने के फैसले के विरोध में हजारों की संख्या में स्थानीय लोग एकजुट होकर प्रदर्शन करने उतरे। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और साफ शब्दों में कहा कि किसी भी कीमत पर इस रास्ते को बंद नहीं होने दिया जाएगा। दरअसल, पूर्व रेलवे की ओर से जारी अधिसूचना में पांडवेश्वर-दालुरबाध साइडिंग रेलवे लाइन के किलोमीटर संख्या 1/18 और 1/19 के बीच स्थित बिना गार्ड वाले लेवल क्रॉसिंग को 28 नवंबर 2026 से स्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया गया है।

रेलवे ने इसके विकल्प के तौर पर लोगों को नजदीकी रोड ओवर ब्रिज और Raniganj-Pandaveshwar के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-60 से आवागमन करने की सलाह दी है। लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे का यह फैसला उनकी रोजमर्रा की जिंदगी को बुरी तरह प्रभावित करेगा। दूसरी ओर, शनिवार को जब रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF के जवान और पूर्व रेलवे के अधिकारी रेल गेट बंद कराने के लिए मौके पर पहुंचे, तो उन्हें लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह रेल गेट महज आवागमन का रास्ता नहीं, बल्कि पूरे पांडेश्वर की लाइफलाइन है। इस रास्ते के एक तरफ थाना, प्रशासनिक कार्यालय, स्वास्थ्य केंद्र और स्कूल मौजूद हैं, जबकि दूसरी तरफ मुख्य बाजार, डाकघर और कॉलेज जाने का रास्ता है। इसके अलावा लंबी दूरी की यात्री बसों के परिचालन के लिए भी यह मार्ग काफी महत्वपूर्ण है। ऐसे में रेल गेट बंद होने से व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम नागरिकों को लंबी दूरी तय करनी पड़ सकती है। 

स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन के सामने मांग रखी है कि अगर सुरक्षा कारणों से इस लेवल क्रॉसिंग को बंद करना जरूरी है, तो पहले फूलबागान मोड़ से होकर आम जनता के लिए वैकल्पिक सड़क का निर्माण कराया जाए। लोगों का कहना है कि केवल दूसरे रास्ते का विकल्प बताकर उनकी परेशानी खत्म नहीं की जा सकती। फिलहाल रेलवे प्रशासन और स्थानीय जनता के बीच गतिरोध बना हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।


Post a Comment

0 Comments