DSP के NSPCL में हुई चोरी का CISF ने 24 घंटे में किया पर्दाफाश, संयुक्त अभियान में लाखों रुपये की सामग्री बरामद

दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की दुर्गापुर स्टील प्लांट (DSP) इकाई ने स्थानीय पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान चलाकर एनएसपीसीएल (NSPCL) परिसर में हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। सीआईएसएफ जवानों की इस मुस्तैदी के चलते चोरी हुई शत-प्रतिशत सामग्री को सुरक्षित बरामद कर एनएसपीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया।

जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर की शाम NSPCL के गेट संख्या-06 स्थित 33 KV स्विच यार्ड के स्टोर से चोरी की सूचना मिली थी। मामला संज्ञान में आते ही सीआईएसएफ की डीएसपी यूनिट की डीआईजी रुचि आनंद तुरंत हरकत में आईं और सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुँचकर जांच की कमान संभाली। सीआईएसएफ और एनएसपीसीएल के जीएम मोहित जैन समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सुराग तलाशने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित स्निफर डॉग यूनिट को भी तैनात किया गया। इसके साथ ही, स्थानीय डीटीपीएस पुलिस फाड़ी के अधिकारियों की मौजूदगी में मेंटेनेंस कर्मियों और इलेक्ट्रिकल विभाग के कर्मचारियों से गहन पूछताछ की गई।


इसके बाद 16 सितंबर की रात सीआईएसएफ की डीआईजी रुचि आनंद के नेतृत्व में सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस फाड़ी की संयुक्त टीम ने पूरे क्षेत्र में व्यापक सघन तलाशी अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने पास ही स्थित एक केबल गैलरी के भीतर छिपाकर रखी गई चोरी की पूरी सामग्री को ढूंढ निकाला। बरामद की गई सामग्री को आधिकारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद 16 सितंबर को ही एनएसपीसीएल प्रबंधन को वापस सौंप दिया गया। यह सफल अभियान औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के प्रति CISF की सतर्कता, विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय तथा महत्वपूर्ण राष्ट्रीय औद्योगिक अवसंरचना की सुरक्षा के प्रति सीआईएसएफ की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Post a Comment

0 Comments